दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर, दक, कृपलानी और धाकड़ के रसूख का होगा फैसला

त्यौहार के उजाले में ‘सियासी वर्चस्व’ की जंग पंचायत चुनाव 2026…..
106 पंचायत समिति वार्ड और 18 परिषद सीटों पर दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर, दक, कृपलानी और धाकड़ के रसूख का होगा फैसला
विशेष राजनीतिक रिपोर्ट: आकाश शर्मा
चित्तौड़गढ़। लोकतंत्र का सबसे बुनियादी, लेकिन राजनीतिक रूप से सबसे सुलगता हुआ मंच,पंचायती राज चुनाव अब अपने अंतिम और निर्णायक मोड़ पर आ पहुँचा है। चित्तौड़गढ़ जिले के दूसरे और अंतिम चरण में बात सिर्फ गाँवों की सरकार चुनने भर की नहीं रह गई है, बल्कि यह संग्राम जिले के स्थापित राजनीतिक क्षत्रपों के रसूख, वर्चस्व और भविष्य की राजनीति का फैसला करने जा रहा है। बड़ीसादड़ी, निंबाहेड़ा और बेगूं—विधानसभा के इन तीन प्रमुख मोर्चों पर इस समय सिर्फ ‘मिठाई और बधाई’ का आदान-प्रदान नहीं हो रहा, बल्कि दीपावली व त्योहारों के ‘मिलन’ की आड़ में हर घर, हर चौपाल पर वोटों की सीधी गुहार लगाई जा रही है। 14 नवंबर को पंचायत समिति व जिला परिषद तथा 16 नवंबर को सरपंच पद के लिए होने वाला मतदान यह तय करेगा कि जनता का भरोसा किस दिग्गज की चौखट पर टिकता है।
सीटों और वार्डों का पूरा ब्योरा
जिला परिषद- जिले की बची हुई 18 सीटों पर महामुकाबला। पंचायत समितियाँ-6 प्रमुख पंचायत समितियों के कुल 106 वार्डों पर प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला। मुख्य मोर्चा -बड़ीसादड़ी, डूंगला और निंबाहेड़ा की समितियाँ राजनीतिक हलचलों का मुख्य केंद्र बनी हुई हैं। तीन विधानसभाएँ, तीन दिग्गज और तीन साख की परीक्षा
मंत्री गौतमकुमार दक का ‘रिपोर्ट कार्ड’
बड़ीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र में सत्ता और संगठन दोनों की कमान राज्य सरकार में मंत्री व स्थानीय विधायक गौतमकुमार दक के कंधों पर है।बड़ीसादड़ी और डूंगला पंचायत समितियों में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ने 34-34 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। दोनों दलों के अधिकृत प्रत्याशियों के अलावा निर्दलीय और अन्य दलों के बागी समीकरणों में गहरी सेंध लगा रहे हैं। हाल ही में संपन्न हुए प्रारंभिक सरपंच चुनावों के मिले-जुले परिणामों ने मंत्री दक की चिंता बढ़ाई है। प्रत्याशी की जीत तय करने के लिए मंत्री खुद हर एक गाँव में घर-घर जाकर पसीना बहा रहे हैं।
दो दिग्गजों की चौसर पर बिछी बिसात
निंबाहेड़ा की एक पंचायत समिति के 23 वार्ड और जिला परिषद की 4 सीटों पर मुकाबला दो व्यक्तियों के बीच नहीं, बल्कि दो विचारधाराओं और दो लंबे राजनीतिक अनुभवों के बीच है। वर्तमान विधायक श्रीचंद कृपलानी और पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना दोनों का ही अपने-अपने क्षेत्रों में अटूट जनाधार है। हालिया निकाय चुनावों में कृपलानी के सान्निध्य में भाजपा ने कांग्रेस को कड़ी टक्कर देकर बढ़त बनाई थी। लेकिन सूत्रों की मानें तो कृपलानी निकाय चुनावों के बाद से ही आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए विपक्ष की भूमिका में अभी से अपनी जाजम मजबूत करने में लग गए हैं । “पाँच तेरे, पाँच मेरे” की ज़मीनी रणनीति के तहत दोनों ही नेता अपने-अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं की टोली के साथ ढाणी-ढाणी प्रचार में जुटे हैं, जहाँ एक-एक वोट के लिए खींचतान जारी है।
बेगूं विधायक सुरेश धाकड़ की चक्रव्यूह रचना बनाम कांग्रेस का वजूद
बेगूं विधानसभा क्षेत्र की 3 पंचायत समितियों के 49 समिति वार्ड और 8 जिला परिषद सीटों पर सियासी जंग अपने उफान पर है। हालिया निकाय और पंचायत चुनावों के आंकड़े बताते हैं कि इस क्षेत्र में कांग्रेस का जनाधार थोड़ा कमजोर हुआ है। इसी कमजोरी को भांपते हुए बेगूं विधायक सुरेश धाकड़ ने अपनी सटीक रणनीतिक घेराबंदी और मजबूत बूथ नेटवर्क के बल पर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार को तेज कर दिया है। वही कांग्रेस अपनी कमजोर पकड़ को दोबारा मजबूत करने के लिए कांग्रेस के रणनीतिकारों ने बेगूं में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है, जिससे यहाँ मुकाबला और संघर्षपूर्ण हो चला है।
14 और 16 नवंबर को लिखेगी जनता नया इतिहास
चुनावो में त्योहारों के इस मौसम में राम-राम और शुभकामनाओं के बहाने हर दरवाजे पर दस्तक दी जा चुकी है। नेताओं के दावों और कार्यकर्ताओं के नारों के बीच अब असली गेंद जनता के पाले में है। 14 नवंबर (समिति व परिषद) और 16 नवंबर (सरपंच) का मतदान यह साबित कर देगा कि चित्तौड़गढ़ के इस महासंग्राम में किसकी घेराबंदी कामयाब रही और किसकी प्रतिष्ठा पर आँच आई।




