टॉप न्यूज़राजनीतिराजस्थानराज्य

दीपावली से पहले ढाबे पर गुप्त बैठक! पंचायत चुनाव से पहले निम्बाहेड़ा में बड़ा खेल? मंत्री और जिला मंत्री की वायरल तस्वीरों ने हिलाई जयपुर की नींव!

दीपावली से पहले ढाबे पर गुप्त बैठक! पंचायत चुनाव से पहले निम्बाहेड़ा में बड़ा खेल? मंत्री और जिला मंत्री की वायरल तस्वीरों ने हिलाई जयपुर की नींव!

रिपोर्ट – आकाश शर्मा

निम्बाहेड़ा / चित्तौड़गढ़। दीपावली के दीये भले ही रोशन हो रहे हों, लेकिन चित्तौड़गढ़ की सियासत में जो ‘सुतली बम’ फूटा है, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों ने भाजपा के अंदरखाने ऐसी खलबली मचा दी है कि अच्छे-अच्छे चाणक्य भी पानी मांग रहे हैं। तस्वीरें चीख-चीख कर कह रही हैं कि राजस्थान सरकार के सहकारिता मंत्री गौतम दक और भाजपा जिला मंत्री शौकीन चपलोत निम्बाहेड़ा-चित्तौड़गढ़ मार्ग के एक ढाबे पर बैठे हैं। न कोई मंच, न फूलों के हार, न समर्थकों की फौज और न ही नारेबाजी का शोर… बस कुछ नेता, मेज पर रखी पानी की बोतलें और पर्दे के पीछे पकती सियासी खिचड़ी!

यहीं से शुरू होता है सवालों का वह ‘भूचाल’, जो पार्टी के बड़े दिग्गजों की रातों की नींद उड़ा रहा है l 

आखिर ये ‘ढाबा पॉलिटिक्स’ है क्या? भाजपा का एक धड़ा इसे आगामी पंचायतीराज चुनावों का ‘मास्टरस्ट्रोक’ मान रहा है। उनका मानना है कि टिकटों के बंदरबांट और समीकरणों की बिसात यहीं बिछाई गई है।

दिग्गज नदारद क्यों ? लेकिन दूसरा धड़ा पूछ रहा है कि अगर यह इतनी ही ‘महत्वपूर्ण’ बैठक थी, तो इसमें निम्बाहेड़ा के विधायक व पूर्व यूडीएच मंत्री श्रीचंद कृपलानी, सांसद सीपी जोशी या संगठन का कोई अन्य बड़ा पदाधिकारी नदारद क्यों रहा? क्या बाकी नेता सिर्फ झंडा उठाने के लिए रह गए हैं ?

वीआईपी सर्किट हाउस छोड़ ‘ढाबा’ क्यों? सवाल यह भी है कि मंत्री और जिला मंत्री को मिलने के लिए क्या कोई सर्किट हाउस, सरकारी बंगला या पार्टी कार्यालय कम पड़ गया था, जो उन्हें मिलने के लिए हाईवे का ढाबा चुनना पड़ा? क्या यह इसलिए था ताकि मुलाकात ‘ऑफ द रिकॉर्ड’ रहे, या फिर दाल में कुछ ऐसा काला है, जिसे कैमरे की नजरों से छिपाना मजबूरी था?

सियासी गलियारों में कयासों का बाजार गर्म

कोई कह रहा है कि यह आगामी पंचायतीराज चुनाव में अपनों को ही निपटाने और ‘खेला’ करने की पुख्ता रणनीति है। कोई दबे स्वर में कह रहा है कि मंत्री जी ने जिला मंत्री के कंधे पर बंदूक रखकर संगठन को कोई कड़ा और सीधा संदेश भेज दिया है। और कुछ चालाक खिलाड़ी तो यह भी कह रहे हैं कि यह बैठक चुनाव लड़ने की नहीं, बल्कि चुनाव के बाद के नफा-नुकसान की है !

अब सबकी निगाहें टिकी हैं ‘महाराज जी’ पर...

इस सियासी ड्रामे का असली ‘स्क्रिप्ट राइटर’ कौन है, इसका पर्दाफाश तो पंचायतीराज चुनाव के नतीजों के बाद ही होगा। लेकिन उससे पहले, इस पूरे रहस्य से पर्दा उठाने के लिए हमारी नजरें टिकी हैं मुकेश्यानन्द जी महाराज पर। यदि महाराज जी की कृपा से कोई अंदरूनी खबर हाथ लगी, तो समझ लीजिए कि निम्बाहेड़ा की राजनीति में कई सिरताज हिलने वाले हैं! क्योंकि जनाब, निम्बाहेड़ा की राजनीति में महाराज जी की एक खामोशी भी बड़े-बड़े दिग्गजों के पसीने छुड़ाने के लिए काफी होती है।

फिलहाल सवाल बड़े हैं और जवाब हवा में हैं, क्या ढाबे की यह गुप्त बैठक वाकई चुनावी समीकरण बदलने वाली है?क्या बड़े चेहरों की गैर-मौजूदगी किसी बड़े तूफान का संकेत है? दीपावली के पटाखे भले ही शांत हो जाएं, लेकिन निम्बाहेड़ा की राजनीति में जो चिंगारी इन तस्वीरों ने सुगाई है, वह पंचायत चुनाव की आग बनकर ही दम लेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!