टॉप न्यूज़दुनियादेशधर्म
Trending

श्री सांवलियाजी धाम में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, जलझूलनी एकादशी पर 21 से 23 सितम्बर तक भव्य मेला

श्री सांवलियाजी धाम में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, जलझूलनी एकादशी पर 21 से 23 सितम्बर तक भव्य मेला

विशाल शोभायात्रा और रथयात्रा सहित अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन, भजन संध्याओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजेगा कृष्ण धाम

चित्तौड़गढ़, राजस्थान। मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलियाजी (मण्डफिया) में जलझूलनी एकादशी के पावन अवसर पर 21 से 23 सितम्बर तक तीन दिवसीय भव्य मेले का आयोजन होगा। आस्था और भक्ति से सराबोर इस धार्मिक उत्सव में भगवान सांवरिया सेठ की विशाल शोभायात्रा एवं जलझूलनी एकादशी पर भव्य रथयात्रा श्रद्धालुओं के प्रमुख आकर्षण का केन्द्र रहेगी। तीन दिनों तक मण्डफिया नगरी भजन, कीर्तन, धार्मिक उल्लास और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गुंजायमान रहेगी। इस दौरान अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन सहित देश-प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकारों की भजन संध्याएं एवं विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

मंदिर मंडल के अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी दिनेश धाकड़ ने बताया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

21 सितम्बर को निकलेगी विशाल शोभायात्रा

मेले के प्रथम दिन सोमवार, 21 सितम्बर को दोपहर 2 बजे श्री सांवलियाजी मंदिर परिसर से विशाल शोभायात्रा प्रारम्भ होगी। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।

इसी दिन रात्रि में मेला ग्राउंड स्थित विभिन्न मंचों पर भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मीरा रंगमंच, मेला ग्राउंड पर रात्रि 9 बजे नितीन बागवान एवं कृतिका मालविया द्वारा भजन संध्या तथा रात्रि 1 बजे जय श्री राधे फोक ग्रुप द्वारा भजन संध्या प्रस्तुत की जाएगी। वहीं गोवर्धन रंगमंच, मेला ग्राउंड पर रात्रि 9 बजे नेहा-शिल्पी सोनी एवं सनी अलबेला द्वारा भजन, सांस्कृतिक, कॉमेडी एवं नृत्य प्रस्तुति तथा रात्रि 1 बजे चिराग राजस्थनी डांस ग्रुप द्वारा भजन, सांस्कृतिक, कॉमेडी एवं नृत्य प्रस्तुति दी जाएगी।

अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन बनेगा विशेष आकर्षण

21 सितम्बर को रात्रि 9 बजे मण्डफिया बाईपास स्थित उप जिला चिकित्सालय/रेफरल चिकित्सालय के पास अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कवि सम्मेलन में शैलेश लोढ़ा, संजय झाला, भुवन मोहिनी, दीपक पारीक, शम्भु शिखर, राम भदावर, मोनिका हटिला, लक्ष्मण नेपाली, लक्की जारोलिया, हीरामनी वैष्णव, चेतन चर्चित, शशिकांत यादव एवं जानी बैरागी सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कवि अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

22 सितम्बर को जलझूलनी एकादशी पर निकलेगी भव्य रथयात्रा

मेले का मुख्य धार्मिक आयोजन मंगलवार, 22 सितम्बर को भादवा सुदी 11, जलझूलनी एकादशी के पावन अवसर पर होगा। इस दिन दोपहर 12 बजे श्री सांवलियाजी मंदिर परिसर से सांवरिया सरोवर तक विशाल रथयात्रा निकाली जाएगी। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

मण्डफिया बाईपास स्टेज, उप जिला चिकित्सालय के पास रात्रि 9 बजे बी. प्राक मय दल द्वारा विशाल भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। गोवर्धन रंगमंच, मेला ग्राउंड पर रात्रि 9 बजे सवाई भाट द्वारा भजन, सांस्कृतिक, कॉमेडी एवं नृत्य प्रस्तुति तथा रात्रि 1 बजे मोनिका भदौरिया, वॉयस ऑफ इंडिया दिव्यांश वर्मा एवं आईजीटी ग्रुप मय दल द्वारा विशाल भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। मीरा रंगमंच, मेला ग्राउंड पर रात्रि 9 बजे प्रकाश माली मय दल द्वारा भजन, सांस्कृतिक, कॉमेडी एवं नृत्य प्रस्तुति तथा रात्रि 1 बजे आशा वैष्णव द्वारा विशाल भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

23 सितम्बर को होगा मेले का समापन

मेले के अंतिम दिन बुधवार, 23 सितम्बर को समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर रात्रि 9 बजे मेला ग्राउंड स्थित मीरा रंगमंच पर छोटू सिंह रावणा द्वारा विशाल भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।

तीन दिवसीय मेले के दौरान श्री सांवलियाजी धाम में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का वातावरण रहेगा। भगवान सांवरिया सेठ के दर्शन, विशाल शोभायात्रा एवं रथयात्रा के साथ-साथ भजन संध्याएं, कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं एवं आमजन के लिए विशेष आकर्षण का केन्द्र रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!