
पंचायतीराज संस्थाओं के पदों के आरक्षण हेतु लॉटरी 23 सितंबर को
प्रमुख जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में निकाली जाएगी लॉटरी
चित्तौड़गढ़, 22 सितंबर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के अंतर्गत प्रधान, जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्यों के पदों के आरक्षण हेतु लॉटरी 23 सितंबर 2026 को प्रातः 11 बजे ग्रामीण विकास प्रकोष्ठ सभागार (DRDA Hall), चित्तौड़गढ़ में निकाली जाएगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर दिनेश धाकड़ ने बताया कि आरक्षण प्रक्रिया के तहत आयोजित होने वाली लॉटरी में जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति रहेगी।
इसके लिए सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम दक, सांसद चन्द्रप्रकाश जोशी, विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या (चित्तौड़गढ़), अर्जुनलाल जीनगर (कपासन), डॉ. सुरेश धाकड़ (बेगूं) एवं श्रीचंद कृपलानी (निम्बाहेड़ा) सहित समस्त जिलाध्यक्ष/जिला सचिव एवं मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को आमंत्रित किया गया है।
उन्होंने बताया कि लॉटरी प्रक्रिया के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद चित्तौड़गढ़ एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहेंगे।




