
सावा, शभुपुरा में सीमेंट हारी, अब पुठोली में जिंक की बारी? पुठोली-आजोलिया का खेड़ा, सुवाणिया में जनता Vs कॉरपोरेट की आर-पार की जंग !
विशेष राजनीतिक रिपोर्ट -आकाश शर्मा
चित्तौड़गढ़। दीपावली की जगमगाती रोशनी और लोकतंत्र के महापर्व की हुंकार के बीच, चित्तौड़गढ़ जिले की महत्वपूर्ण विधानसभाओं में बड़ीसादडी , बेगू और निम्बाहेड़ा के कुल 18 जिला परिषदो व पंचायत समिति निम्बाहेड़ा, बड़ीसादडी, डुंगला, गंगरार, भैसोंडगढ़, रावतभाटा और बेगू में चौथे चरण में 14 नवम्बर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य एवं 16 नवम्बर को वार्ड पंच और सरपंच चुनाव के मतदान होना शेष है l
ग्रामीण इलाकों में इस वक्त सिर्फ मतदाता, मतदान और वोटों की गिनती का खेल नहीं चल रहा, बल्कि यहाँ जनशक्ति और कॉरपोरेट तंत्र के बीच आर-पार की खौफनाक जंग जारी है । चुनाव की चौसर पर यह महासंग्राम एक ऐसा दौर बन चुका है जहाँ कोई भी उम्मीदवार पीछे हटने को तैयार नहीं है, और दूसरी तरफ जिंक और सीमेंट कंपनियाँ भी अपने चहेतों को जिताने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही हैं। हाल ही में तीसरे चरण के चुनाव इसका सबसे ज्वलंत उदाहरण बन गए, सूत्रों के अनुसार जब आदित्य सीमेंट (सावा) ने एक साधारण सरपंच पद प्रत्याशी शभुपुरा राम प्रसाद जाट को चुनाव हराने के लिए पानी की तरह पैसा बहाया। सालभर लोगों की जिंदगी और सांसों से खिलवाड़ कर, चुनाव के इन चंद दिनों में क्षेत्र के एक छोटे हिस्से को रोशनी की चादर ओढ़ाकर अपने काले दाग धोने की तमाम कोशिशें की गईं। लेकिन सीमेंट कंपनियों के इन तमाम मंसूबों और धनबल को आम मतदाताओं ने राम प्रसाद जाट के पक्ष में अपनी अमिट स्याही की मोहर लगाकर करारा जवाब दे दिया । वही सावा से प्रकाश जाट की पत्नि को ग्रामीणों नें ऐतिहासिक जीत दिलाकर इस बात का स्पष्ट ऐलान कर दिया है कि अब कंपनियाँ सावधान हो जाएँ, जनता अब अपने जीवन और अधिकारों से खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं करेगी!
‘जिंक’ क्षेत्र के युवा चेहरे बने हिंदुस्तान जिंक के लिए बड़ा ‘सिरदर्द’!
पंचायती राज चुनाव के आखिरी चरणों के मुहाने पर खड़े चित्तौड़गढ़ के ग्रामीण इलाकों में अब सीधी जंग जनता और उद्योगपतियों के बीच होती दिखाई दे रही है। विशेषकर हिंदुस्तान जिंक स्मेल्टर लिमिटेड (चंदेरिया) प्लांट के प्रभाव वाले पुठोली, मूंगा का खेड़ा, आजोलिया का खेड़ा, मेडी खेड़ा, रीको, सुवाणिया, चौगावडी जैसे क्षेत्रों में मतदान होना अभी बाकी है, लेकिन माहौल की गर्माहट अपने चरम पर पहुँच चुकी है । ग्राम पंचायत पुठोली, मूंगा का खेड़ा से पूर्व में वार्ड पंच और उपसरपंच रह चुके है चंद्रभान सिंह शक्तावत, की धर्मपत्नी आनंदकंवर, आजोलिया का खेड़ा मेडी खेड़ा से रमेशचंद्र जाट, ग्राम पंचायत सुवाणिया, डेट, शिवपूरा से जगदीश मेनारिया चुनाव मैदान में है। सूत्रों से मिली पुख्ता जानकारी के अनुसार, इस पूरे जिंक बेल्ट में जिंक प्रशासन के लिए इस वक्त सबसे बड़ा सिरदर्द युवा चेहरे जगदीश मेनारिया बने हुए हैं। जगदीश मेनारिया ने अपने जुझारू और युवा अंदाज से स्थानीय लोगों के दिलों में गहरी जगह बना ली है। प्रदूषण, स्थानीय रोजगार और जन-अधिकारों के मुद्दों पर बेबाक आवाज उठाने के कारण वे जन-जन के चहेते बन चुके हैं।
सूत्रों की मानें तो जगदीश मेनारिया के बढ़ते प्रभाव से बेहाल जिंक प्रशासन अब अंदर ही अंदर अपनी हर चाल और सियासी बिसात बिछाने में जुट गया है, ताकि चुनाव नतीजों को अपने अनुकूल मोड़ा जा सके ।
तीसरे चरण में आदित्य सीमेंट (सावा) के धनबल को ध्वस्त कर जिस तरह मतदाताओं ने राम प्रसाद जाट को चुनकर आदित्य कंपनी सबक सिखाया,क्या वही इतिहास अब चंदेरिया के इस जिंक क्षेत्र में दोहराया जाएगा? क्या जिंक प्रशासन की पर्दे के पीछे की शह-मात का जवाब जनता अपनी अमिट स्याही की मोहर से देगी ? नजरें अब मतदान के दिन पर टिकी हैं !




